भाजपा 2019 में देश के सभी राज्यों में परचम लहराने का दावा कर रही है। लेकिन क्षेत्रीय स्तर पर पार्टी की क्या स्तिथि है ये हाल ही में आए पॉलिटिकल एडवाइजर ग्रुप I-PAC का सर्वे बताता है। इस सर्वे से देश के मौजूदा राजनैतिक परिदृश्य का कुछ हद तक अंदाजा लग रहा है। सर्वे में भाजपा के लिए खतरे की घंटी है।
दरअसल, इस सर्वे के मुताबिक देश के टॉप 3 सीएम में से एक भी भाजपा का सीएम नहीं है। बताया जा रहा है कि यह सर्वे देश के 57 लाख लोगों पर किया गया है। जिसके मुताबिक देश के टॉप 3 सीएम में पहले नंबर पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का नाम है।
वहीं दूसरे नंबर पर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी हैं और तीसरे स्थान पर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक हैं। चौथे नंबर की बात करें तो यहां नंबर बिहार के सीएम और जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार का है।
सर्वे का ये रिजल्ट भाजपा के लिए और ज़्यादा चिंताजनक तब हो जाता है जब देश के 19 राज्यों में वो सरकार चला रही है लेकिन एक में भी उसके मुख्यमंत्री लोकप्रियता हासिल नहीं कर पाए हैं।
जल्द ही देश के 3 बड़े राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होने हैं। ये विधानसभा चुनाव आगामी लोकसभा चुनावों के नजरिए से काफी अहम साबित होंगे।
इन तीनों ही राज्यों के मुख्यमंत्रियों को इस सर्वे में टॉप में जगह नहीं मिली है, जो कि भाजपा के लिए चिंता का विषय हो सकती है।
सर्वे के मुताबिक आगामी चुनावों में महिला सुरक्षा, किसानों के मुद्दे और आर्थिक समानता सबसे अहम रह सकते हैं। इसके बाद जो मुद्दे खास होंगे, उनमें शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता, सांप्रदायिक सद्भाव, क्षेत्रीय भाषाएं आदि अहम रहेंगे।